अमर शहीद जोधा सिंह अटैया : सत्तावनी क्रांति के अग्रदूत, जो 51 क्रान्तिकारियों संग एक साथ फांसी पर झूल गए

भारत प्राचीन काल से ही संपदा संपन्न, सुखी व समृद्ध रहा है। अखिल विश्व में भारतवर्ष की अलग पहचान सदियों से रही है। जल-थल-नभ में बहुमूल्य खनिज सम्पदा, औषधियां, हीरा जवाहरात आदि उत्पन्न होते थे। शायद इसीलिये भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था, किन्तु अनेक विदेशी आक्रांताओं ने कई बार भारत की अस्मिता पर हमला किया। पराधीनता की अंतिम दास्ताँ को भी समाप्त करने की शुरुआत सन् 1857 से पहले हो चुकी थी। उसके बाद सम्पूर्ण भारत में एक स्वर में सन् 1857 में जंग-ए-आजादी का परवान चढने लगी थी। तब अनेक क्रांतिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए भारत माता की रक्षा के लिए प्राण न्यौछावर कर दिया।

अन्य पढ़े : बैसवारा का सरेनी विकास खण्ड : इतिहास, भूगोल और संस्कृति
ऐसे ही फतेहपुर के क्रांतिकारी अमर शहीद जोधा सिंह अटैया थे। जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर अंग्रेजों से अपनी रियासत मुक्त कराई थी।
जोधा सिंह अटैया का जन्म उत्तर प्रदेश सूबे के फतेहपुर जनपद में बिंदकी के निकट रसूलपुर पंधारा में हुआ था।
शहीद जोधा सिंह के नाम के साथ जुडे ‘अटैया’ शब्द की भी अपनी अलग कहानी है। अटैया शब्द इक्ष्वाकु वंश से संबंधित है, जिसके अन्तर्गत ‘गौतम’ गोत्र वाले क्षत्रिय आते हैं। गौतम वंशीय क्षत्रिय उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान में अधिक संख्या में निवास करते हैं। ये लोग ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ, राष्ट्रप्रेमी, हृदय के साफ और दुश्मनों से बदला लेने में भी माहिर होते हैं।
भगवान गौतम बुद्ध (सिद्धार्थ) के कहने पर गुरु शालण्य ने कपिलवस्तु से अलग राज्य स्थापित करने के लिए गौतम वंश की नींव डाली थी। ‘गौतम’ शब्द संस्कृत में गो + तम से बना है। इसलिए गौतम का अर्थ अंधकार को आध्यात्मिक ज्ञान से दूर करने वाला अर्थात ‘उज्जवल प्रकाश’ होता है।
कहा जाता है कि गौतम बुद्ध के वंशज फ़तेहपुर के शासक हरि वरण सिंह अटैया थे, जिन्होंने मुगलों से कई बार युद्ध करके उन्हें पराजित किया था। राजा हरि वरण सिंह के वंशज ही राजा जोधा सिंह अटैया थे।
इतिहासकार श्री शिव सिंह चौहान ने अपनी पुस्तक “अर्गल राज्य का इतिहास” में लिखा था कि फ़तेहपुर परिक्षेत्र इलाहाबाद (प्रयागराज) रेजीडेंसी के अन्तर्गत आता था, जिसे पश्चिमी इलाहाबाद और पूर्वी कानपुर के नाम से संबोधित किया जाता था। मुगलकाल का अंतिम दौर और ब्रिटिश काल का प्रारंभिक समय तक फ़तेहपुर नाम का कोई अस्तित्व नहीं था। कालांतर में अंग्रेजों ने यथाशीघ्र अपने साम्राज्य का विस्तार करने के उद्देश्य से सन् 1826 में फ़तेहपुर जनपद का गठन किया था।
भारत की दो पवित्र नदियाँ माँ गंगा (सुरसरि) और यमुना (कालिंदी) के मध्य फ़तेहपुर जनपद में स्थित हैं। फतेहपुर जनपद के उत्तर में गंगा और दक्षिण में यमुना के हजारों वर्षों से अनवरत कल-कल की मधुर ध्वनि के साथ बहती हुई प्रतिदिन लाखों लोगों को जीवन दान देती हैं।
अमर शहीद ठाकुर जोधा सिंह का जन्म फ़तेहपुर से दक्षिण-पश्चिम में स्थित बिंदकी के समीप रिसालपुर के राजवाड़ा परिवार में हुआ था।
फ़तेहपुर छावनी में हमेशा भारी मात्रा में गोला बारूद का जखीरा रहता था। मातादीन वाल्मीकि ने जब शहीद मंगल पाण्डेय का जातिवाद के तंज पर आक्रोशित होकर कहा कि सुअर और गाय की चर्बी लगी करतूस मुँह से खींचते हो, तब तुम्हारी पंडिताआई कहाँ चली जाती है। इतना सुनते ही मानो अमर शहीद मंगल पाण्डेय के चक्षु खुल गए हों। मंगल पाण्डेय ने पश्चिम बंगाल स्थित बैरकपुर में 10 मार्च सन् 1857 को बगावत करते हुए ब्रिटिश अधिकारी मेजर ह्यूसन को गोली मार दी। उसके बाद 10 मई सन् 1857 को मेरठ में पूर्ण रूप से क्रांति की चिंगारी भड़की थी। यह क्रान्ति की चिंगारी ही नहीं, भारतीयों को आजादी पाने और भारत के उद्धार की लौ थी। यही चिंगारी ठीक एक माह बाद 10 जून को फ़तेहपुर में आग का गोला बनकर भड़क उठी थी। फ़तेहपुर के राजा ठाकुर जोधा सिंह पहले से ही सतर्क और घात लगाये बैठे थे कि यथाशीघ्र फिरंगियों पर हमला किया जा सके। इसलिए उन्होंने ब्रिटिश सरकार की नीतियों के खिलाफ अपने नज़दीकी नाना साहब सहमति पाकर फिरंगियों के ख़िलाफ़ फतेहपुर में जंग-ए-आजादी का आगाज़ कर दिया।
फ़तेहपुर के तत्कालीन कलेक्टर हिकमतुल्ला कहने को तो ब्रिटिश सरकार के नौकर थे, लेकिन उनका रक्त सच्चा हिंदुस्तानी था। इसलिए कलेक्टर ने क्रांतिकारियों का हर कदम पर सहयोग किया। उनके सहयोग से क्रांतिकारियों ने कचहरी परिसर में झंडा फहरा दिया। फ़तेहपुर की आज़ादी की घोषणा होते ही कलेक्टर हिकमतुल्ला को चकलेदार/ रिसालेदार नियुक्त कर दिया था। ‘चकलेदार’ का अर्थ- ‘कर Tax वसूलने वाला अधिकारी’ होता है। फ़तेहपुर की आज़ादी की घोषणा का स्वर लंदन पर जाकर सुनाई दिया था। तब फिरंगी इनसे भयभीत हो गए थे।
सन 1857 के गदर में शहीद जोधा सिंह का नाम कुशल रणनीतिकारों की श्रेणी में अग्रणी रहता था। अपनी रणनीति के तहत जोधा सिंह अटैया ने अवध और बुन्देलखण्ड के क्रान्तिकारी राजाओं से बेहतर ताल मेल बैठाया। सभी रियासतों के राजाओं और क्रान्तिकारियों ने एक साथ मिलकर उचित अवसर देखकर धीरे-धीरे सम्पूर्ण भारत में फिरंगियों और उनकी दमनकारी नीतियों के खिलाफ संग्राम छेड़ दिया था।
अंग्रेज सैनिक अपने गुप्तचरों के साथ मिलकर, जोधा सिंह अटैया को खोज रहे थे। इस बीच जोधा सिंह को अपने गुप्तचरों से जानकारी हुई कि अंग्रेज सिपाही दरोगा दीवान आदि महमूद पुर गाँव में डेरा डाल चुके हैं। तब जोधा सिंह अटैया और उनके क्रांतिकारी साथियों ने गाँव में घुसकर 27 अक्तूबर सन् 1857 को सभी अंग्रेजों को एक घर में कैद करके आग के हवाले कर दिया। कई अंग्रेज सैनिकों की आग से जलकर मृत्यु हो गई थी। जोधा सिंह को पता चला की एक स्थानीय गद्दार रानीपुर पुलिस चौकी में छिपा है। जोधा सिंह ने साथियों को 7 दिसम्बर सन् 1857 को नाव से गंगा पार भेज कर देशद्रोही गद्दार को भी मरवा दिया था। अब तो अंग्रेजों में दशहत बढ़ती ही जा रही गई थी। अंग्रेज अधिकारी भी ठाकुर जोधा सिंह का नाम सुनते ही थर-थर काँपने लगे थे।
लंदन की अंग्रेज सरकार ने कर्नल पॉवेल को फतेहपुर का दमन करने के लिए भेजा। कर्नल पॉवेल ने जोश के साथ अपने सैनिकों को ठाकुर जोधा सिंह अटैया और उनकी सेना पर हमला करने के लिए भेजा। किन्तु अंग्रेज सैनिकों को उल्टे पैर भागने को मजबूर होना पड़ा। तब कर्नल पॉवेल आग बबुला हो गए। जोधा सिंह अटैया ने अवसर मिलते ही कर्नल पॉवेल को भी घेर कर सिर को धड़ से अलग करके मार डाला। भारत में चारों तरफ फ़तेहपुर की क्रांति की चर्चा हो रही थी। लंदन का सिंहासन भी डोलने लगा था।
अंग्रेज गवर्नर ने अब अत्यंत क्रूर कर्नल नील को फ़तेहपुर की क्रांति का दमन करने के लिए भेजा। कर्नल नील ने अपनी भारी मात्रा में सेना को फ़तेहपुर में जोधा सिंह व उनका रजवाड़ा को तहस-नहस करने का आदेश जारी किया। कर्नल नील बेकसूर लोगों को भी बहुत प्रताड़ित कर रहा था। क्रांतिकारियों को तो तत्काल मार देता था। इस प्रकार जोधा सिंह अटैया की सेना कमजोर पढ़ने लगी थी, लेकिन हौसला और उत्साह दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा था।
गोरिल्ला युद्ध में निपुण जोधा सिंह अटैया ने नए सिरे से पुराने सैनिकों के साथ ही युवाओं को भी क्रांतिकारी, देशप्रेमी के रूप में प्रशिक्षण देकर फिर से नई फ़ौज तैयार किया। उसके बाद जोधा सिंह अटैया ने अपना गुप्त स्थान फ़तेहपुर से स्थानांतरित करते हुए खजुहा बना लिया था। खजुहा में जोधा सिंह का गोपनीय स्थान अंग्रेज नहीं जानते थे। किंतु स्थानीय देशद्रोही ने लालचवश क्रांतिकारी जोधा सिंह अटैया का गोपनीय ठिकाना अंग्रेजों को बता दिया। देशद्रोही की मुखबरी के कारण कर्नल नील ने अपनी घुड़सवार सेना के साथ घोरहा गांव के पास जोधा सिंह अटैया व उनके 51 साथियों को चारों तरफ से गिरफ़्तार कर लिया था।
28 अप्रैल सन 1858 का वह मनहूस दिन था, जब अंग्रेजों ने बिना किसी अदालत की सुनवाई के ही जोधा सिंह अटैया समेत बावन साथियों को बिंदकी के निकट मुगल रोड पर खजुहा ग्राम स्थित इमली के पेड़ पर लटकाकर फांसी दे दिया था। फांसी देने के बाद कर्नल नील ने आस-पास के गाँव में मुनादी करवा दी कि, जो व्यक्ति इन शवों को नीचे उतारेगा, उन्हें भी फांसी दे दी जाएगी। लगभग 18 दिन तक शव पेड़ पर लटके रहे और चील कौवा माँस नोच-नोच कर खाते रहे। आज इस पावन धरा को बावनी इमली के नाम से जाना जाता है।
महाराज राजा भवानी सिंह ने भारी तादाद में अपने सैनिकों के साथ 4 जून सन् 1858 की रात में सभी शवों को नीचे उतार कर शिवराजपुर स्थित गंगा तट पर अंतिम संस्कार किया था।
शिवराजपुर में भगवान श्री कृष्ण का प्राचीन मंदिर है। जिसे मेवाड़ राज्य के राजा भोजराज सिंह की पत्नी, कृष्ण भक्त मीराबाई ने स्थापित किया था।
फ़तेहपुर जनपद में खजुहा का भी अपना अलग पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व है। खजुहा को ‘छोटी काशी’ कहा जाता है। इस छोटे से कस्बे में लगभग 118 शिव मंदिर है। औरंगजेब के समय की मुगल रोड आज भी है। कहा जाता है कि दशहरा का दिन यहां पर रावण को जलाया नहीं जाता, बल्कि उनकी पूजा होती है। दशहरा में मेला लगता है। 52 क्रान्तिकारियों के शहादत की अंतिम विदाई देने वाला मूक गवाह इमली का पेड़ आज भी सुरक्षित और संरक्षित है। जिसमें 28 अप्रैल सन 1858 को 52 क्रान्तिकारी परवाने भारत माँ की रक्षा करते हुए फांसी पर झूल गए थे।
खजुहा ग्राम को भी अब बावनी ‘इमली’ ग्राम से जाना जाता है। ‘बावनी इमली’ स्थल पर शहीद स्मारक बना हुआ है, जहाँ पर प्रतिवर्ष 28 अप्रैल को शहीदों की स्मृतियों को जीवन्त रखने के लिए अनेक साँस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। मेला जैसा उत्सव मनाया जाता है।

डॉ अशोक कुमार गौतम
असिस्टेन्ट प्रोफेसर, लेखक, सम्पादक
शिवा जी नगर, दूरभाष नगर, रायबरेली UP
मो. 9415951459